मैं कोई लेखक नहीं, कोई आलेखक भी नहीं, लेकिन हाँ अपनी बातों को यथासंभव (एक हद तक) रखने में यकीन रखता हूँ। मेरे पास सोचने-समझने की जो थोड़ी-सी शक्ति है, उसी की चहारदीवारी में विचारों की गुत्थम-गुत्थी, उठापटक चलती रहती है। दिन भर हर तरह के विचार दिमाग के कारखाने में कच्चे माल की तरह आते रहते हैं, लेकिन अमूमन यह कारखाना खराब हीं रहता है और इसलिए कभी-कभार हीं मैं किसी खास निष्कर्ष पर पहुँच पाता हूँ। फिर भी यह क्रम चलता रहता है क्योंकि मेरे हिसाब से अगर कोई कोशिश हीं न की जाए तो सफ़लता कहाँ से मिलेगी! सफलता हासिल करनी हो तो कारखाने के कल-पुर्जों को घिसना तो पड़ेगा हीं। घिसते-घिसते कोई एक पुर्जा तो होगा हीं जो हमारा काम कर जाएगा। वैसे भी कहते हैं कि दस बटेरों पर पत्थर चलाया जाए तो एक बटेर को तो हाथ आना हीं है। और जब कोई एक बटेर या कोई एक बात खुलकर सामने आ जाती है यानि कि जब मैं किसी मुद्दे पर पक्का हो जाता हूँ तो लगता है कि मैंने मैदान मार लिया हो, लगता है कि इसे औरों से भी बाँटा जाए। औरों को भी खबर की जाए कि आज मेरे पास क्या है। (मेरे पास माँ है...... के अंदाज में हीं) । सभी जानते हैं कि आज की दुनिया कितनी गतिशील, कितनी तेज-तर्रार है। इस आज की दुनिया में, अपने विचार रखने, अपनी सोच औरों से बाँटने के हज़ार तरीके हैं और इन हज़ार तरीकों में एक तरीका है आलेख लिखना। अब आप सोच रहे होंगे कि जहाँ मैंने शुरू में कहा कि "मैं कोई आलेखक नहीं", वहीं अभी "आलेख लिखने" की बात कर रहा हूँ। "आलेखक नहीं"- यह सच है, और इसलिए हो सकता है कि मैं इस आलेख के माध्यम से जो भी कुछ कहने जा रहा हूँ, उसमें सफल ना होऊँ (जिस तरह हज़ार चीजों पर माथा-पच्ची करने के बाद एकाध चीज हीं मेरे पल्ले पड़ती है, उसी तरह हज़ार शब्द उगल देने के बाद हो सकता है कि मेरा एकाध शब्द हीं मतलब का हो या फिर एक शब्द भी पल्ले पड़ने लायक न हो) , लेकिन यह तो मानना हीं पड़ेगा कि किसी से बिना मिले अपनी बात सब के बीच रखने का इससे अच्छा कोई तरीका नहीं। इसलिए दूसरा उपाय न पाकर डरते-डरते मैं "हिन्द-युग्म" के इस मंच "बैठक" पर आया हूँ।
कहने को मेरे पास बहुत सारी बातें हैं। औरों की तरह फिल्मों से गहरा लगाव हैं, इसलिए पहली बार तो यही सोचा कि क्यों ना फिल्मों पर हीं कुछ लिख लूँ। वैसे भी लोगों की समीक्षाएँ (मेरे एक मित्र के अनुसार फिल्मों के समीक्षक अब समीक्षक नहीं रहे, ये आलोचक हो गए हैं..... और आलोचक भी ऐसे आलोचक नहीं जो गुणों और अवगुणों पर बराबर की नज़र रखते हों, बल्कि ऐसे आलोचक जो बस आलोचना करना हीं जानते हैं यानि कि मौका मिला नहीं कि बुराईयों का पुलिंदा लेकर बैठ गए) पढ-पढकर मेरे मन में भी यह इच्छा घर कर गई थी कि मैं क्या किसी से कम हूँ... मैं भी फिल्मों पर अपना ज्ञान झाड़ सकता हूँ। जब लोग बिलावज़ह किसी फिल्म (पढें: रावण) की अंतड़ियाँ तक निकालने पर तुले हैं तो किसी भले मानुष की तरह क्या यह मेरा फ़र्ज़ नहीं बनता कि मैं इन कसाईयों के "हक़" पर प्रश्न-चिह्न खड़ा करूँ। खुद तो आज तक एक सीन (दृश्य) तक सही से उकेर नहीं पाए (सपने में भी) और दूसरों की मेहनत पर भर-भर के कीचड़ उछालते हैं। नाम न लूँगा लेकिन आप इस वाक्ये से समझ जाएँगे.... हमारे यहाँ के एक बहुत बड़े फिल्म-आलोचक हैं जिनकी मक़बूलियत बस इसी कारण से है कि उन्होंने "फ़िज़ा" बनाई थी। अब "फ़िज़ा" का क्या हश्र हुआ था और उन्हीं के भाई-बंधुऒं (दूसरे फिल्म-आलोचकों) ने इसे कितने "स्टार" दिए थे, ये तो जग-जाहिर है.... फिर उन्हीं महोदय ने जब "काईट्स" की समीक्षा की तो "ऋत्विक" की खूब टाँग खींची और "राजनीति" को तो "राज-नट्टी" हीं कह दिया... यहाँ तक कि उन्होंने "मनोज वाजपेयी" को भी नहीं छोड़ा... कहा कि काठ-जैसी सूरत बनाए घूम रहे थे वे पूरी फिल्म में। अब कोई उनसे पूछे कि उनकी "फिज़ा" में भी तो यही दो कलाकार थे। उस समय उन्होंने इन दोनों से क्या अलग, क्या जुदा करवाया था। और अगर कुछ अलग नहीं करवा पाए थे तो "अनुराग बसु" और "प्रकाश झा" को वो क्या दूसरी दुनिया के निर्देशक समझते हैं जो वो कोई "जादू" कर देंगे। ऐसे "दोहरी सोच" वाले लोग जब तक "समीक्षा" करते रहेंगे, तब तक हमारी फिल्मों का भला नहीं हो सकता।
माफ़ कीजिएगा .... मैं भावनाओं में बह गया और ना-ना कहते-कहते बहुत कुछ कह गया। हाँ, तो इसी तरह करने को कई सारी बातें हैं। अभी-अभी मैंने "दोहरी सोच" के बारे में कुछ कहा..... तो यह "दोहरी सोच" "दोहरी मानसिकता" बस फिल्म-समीक्षकों तक हीं सीमित नहीं है, हम दर्शकों के बीच भी इसने अपना मकाम हासिल किया हुआ है। इसका सबसे बढिया उदाहरण है "हिन्दी फिल्मों" में किसी दृश्य या किसी खास तरह की अदायगी (या अदाकारों) को नकारने वाले लोगों में "अंग्रेजी फिल्मों" के उन्हीं दृश्यों या अदायगी को पूजने की प्रथा। यह बीमारी तो आजकल हर "सुसभ्य" शहरी इंसान में देखी जा सकती है। हिन्दी फिल्म में अगर किसी ने कहा कि "मैं मैं हूँ" तो लगे नाक-भौं सिकोड़ने, लगे उसकी बघ्घियाँ उधेड़ने लेकिन अगर किसी अंग्रेजी फिल्म में (जो कि उन "सुसभ्य" लोगों को भी पहली मर्तबा समझ में नहीं आती .... मसलन मैट्रिक्स, प्राईमर) किसी बड़े-से "सुसभ्य" कलाकार (मान लीजिए "अल पचीनो") ने चिघ्घार कर कहा "दिस ईज द वे आई ऐम" तो वही नाक-भौं सिकोड़ने वाले लोग सारे शर्मो-हया भूलकर तालियों की गड़गड़ाहट में डूब जाते हैं.... उस समय किसी को भी यह ध्यान नहीं आता कि भाई "इसमें नया क्या है"....क्या यह इंसान तीस-मार खान है कि इसने उसी "बेकार"-से संवाद को "बेजोर" बना दिया है... मुझे तो नहीं लगता..... फिर ऐसा क्यों है कि "हिन्दी-फिल्म" मे जो चीज उन "सुसभ्य" लोगों को "ओवर-एक्टिंग" लगती है, जो सिचुएशन्स, जो प्रस्तुतिकरण उन्हें "ढपोल-शंख" लगते हैं, वही सारी चीजें "अंग्रेजी फिल्मो" में जाकर "ग्रेट एक्टिंग" और "मारवेलस थिंकिंग" बन जाती हैं। भला कितने लोग हैं यहाँ जिन्होंने "नो स्मोकिंग" देखी है... मेरे हिसाब से बहुत कम हीं लग होंगे। "नो स्मोकिंग" कैसी फिल्म थी... अच्छी या बुरी.... यहाँ यह सवाल नहीं है, सवाल यह है कि अगर आपने इसी तरह कि प्रयोगधर्मी कोई अंग्रेजी फिल्म (मसलन "टेरेन्टिनो" की "पल्प फिक्शन") पसंद की है तो आपको "नो स्मोकिंग" भी पसंद आनी चाहिए थी। पसंद आना तो बाद की बात है.... आपको इस फिल्म को एक "ट्राई" तो जरूर हीं देना था। अगर आपने ऐसा नहीं किया है तो आप मेरी बातों को "प्रूव" कर रहे हैं कि "दोहरी मानसिकता" हम सब के अंदर है...... है ना? इतना कुछ पढकर आप सोचने लगे होंगे कि मैं अंग्रेजी फिल्मों से खुन्नस खाए बैठा हूँ, इसलिए मौका मिलते हीं मैंने सारा भंड़ास निकाल दिया... तो मैं बताए देता हूँ कि "अंग्रेजी फिल्मों" से मेरी कोई दुश्मनी नहीं है...... ना हीं कोई खुन्नस है, हाँ "भंड़ास" जरूर है, लेकिन वो फिल्मों के लिए नहीं है, बल्कि हमारी "तथाकथित" "प्रगति" और "शहरीपन" के लिए है....... फिल्में तो बस एक बहाना है (मुझे समाज का सच दिखाना है....... हा हा)
जब फिल्मों की हीं बात चल निकली है तो ज्यादा दूर क्या जाना....... अंग्रेजी फिल्में तो "हिन्दुस्तान" में आयात (इम्पोर्ट) होकर आती हैं..... लेकिन जो फिल्में हिन्दुस्तान में हीं बनती हैं, उनसे भी तो बिना कारण भेदभाव बरता जाता है। जी हाँ मैं "क्षेत्रीय" फिल्मों की बात कर रहा हूँ। "क्षेत्रीय" फिल्मों में भी दो तरह की "क्षेत्रीय" फिल्में आती हैं। एक "उत्तर भारतीय" ("राज ठाकरे" साहब.... मैंने आपका कोई "कॉपी राईट" तो भंग नहीं किया? यह शब्द कहने का हक़ सबसे ज्यादा आपको हीं है, लेकिन "एकमात्र" आपको नहीं) और दूसरा "दक्षिण भारतीय"। "दक्षिण भारतीय" फिल्मों के बारे में हमारे "दक्षिण भारतीय़" दोस्त एक-राय होते हैं और वे खुले-दिल से इन फिल्मों को स्वीकार करते हैं लेकिन हम "उत्तर भारतीय" उन फिल्मों को खिल्ली में उड़ा देते हैं। मेरे हिसाब से यह गलत है और यह नहीं होना चाहिए, लेकिन इससे भी ज्यादा गलत है "उत्तर भारतीय" फिल्मों का पूरे हिन्दुस्तान के लोगों द्वारा मजाक उड़ाया जाना। पहले दक्षिण भारतीय फिल्मों (तमिल, तेलगु, मलयालम, कन्नड़) की बात करते हैं.... मैं मानता हूँ कि इन भाषाओं में बनी कई सारी फिल्में हिंसा के इर्द-गिर्द बुनी होती हैं और कुछ दृश्य कल्पनातीत होते हैं, लेकिन ऐसा क्या इन्हीं फिल्मों में होता है... "हिन्दी" या फिर "अंग्रेजी" फिल्मों में नहीं। अगर सही से देखा जाए तो कौन-सा दृश्य कैसे फिल्माया जाना है, इस मामले में "दक्षिण भारतीय" फिल्में "हिदी" फिल्मों से कई कोस आगे हैं । "हिंदी" फिल्मों में जो आज दिखाया जा रहा है या जो प्रयोग आज किये जा रहे हैं, वैसे प्रयोग तमिल या तेलगु फिल्मों में दसियों साल पहले किए जा चुके हैं। "मार-धाड़" में अतिशय करने की प्रवृत्ति "अंग्रेजी" फिल्मों में भी तो खुलेआम नज़र आती है (मसलन : डाई हार्ड), लेकिन वहाँ तो कोई आश्चर्य नहीं जताता, फिर यहाँ क्यों? मैं इस बात को सराहता हूँ और सच कहिए तो बेहद पसंद करता हूँ कि "तमिल" या "तेलगु" जनता अपने फिल्मों से काफी हद तक जुड़ी रहती है, बस हम "उत्तर भारतीयों" को इन फिल्मों के बारे में अपना नजरिया बदलना है।
अब बात करते हैं अपने "उत्तर भारतीय" फिल्मों की। चूँकि मैं सोनपुर से हूँ जो "छपरा" जिला में आता है, तो इस लिहाज से "भोजपुरी" फिल्मों से इत्तेफ़ाक न रखना असंभव-सा है। मैं आजकल की "भोजपुरी" फिल्मों का उतना बड़ा प्रशंसक नहीं, जितन पिछले दशक की फिल्मों का हूँ, लेकिन हाँ....... मैं इन फिल्मों से (आज-कल की फिल्मों से) नफ़रत नहीं करता। मैं मानता हूँ कि इन फिल्मों का स्तर नीचे गया है, लेकिन इतना भी नीचे नहीं गया कि इनकी बात करना भी "पाप" हो। लोगों ने इन फिल्मों का ऐसा हव्वा बनाया हुआ है कि अगर कोई कहीं "भोजपुरी" बोलता भी दिख जाए तो उससे कोई अश्लील भोजपुरी गाना गाने को कहेंगे (हाँ कुछ अश्लील गाने बने जरूर हैं, लेकिन ऐसे गाने हर भाषा में बनते हैं) या फिर उससे कन्नी काटकर निकल जाएँगे। शायद इसीलिए हमारी यूपी-बिहार की भोजपुरी जनता अपने-आप को शहरी दिखाने के लिए "भोजपुरी" न जानने या फिर "भोजपुरी फिल्में" न देखने का स्वांग रचती हैं, ताकि लोग उन्हें "दूसरी / निकृष्ट" बिरादरी का न समझें। "भोजपुरी" की आज जो हालत है, उसमें इन "भोजपुर के नालायक संतानों" का सबसे बड़ा हाथ है। अगर बाहर के लोग हमें नीचा समझते हैं या नीचा दिखाते हैं तो हमारा फ़र्ज़ बनता है कि हम उन्हें "सच्चाई" से अवगत कराकर "सही" रास्ते पर ले आएँ, उन्हें "भोजपुरी" की विशाल संस्कृति के दर्शन करवाएँ। लेकिन तब क्या किया जाए , जब अपने हीं बीच के लोग अपनी माँ (भोजपुरी) को गाली देने लगें या फिर पहचानने से इनकार कर दें, तब तो हम असहाय हीं हो जाएँगे ना और तब दूसरों को हमारी अवहेलना करने से कौन रोकेगा? हममें से जितनों को भी यह लगता है कि "भोजपुरी" अब "पवित्र" नहीं रही (शायद यही सोचकर "घर" के लोग इससे दूर भागते हैं और "बाहर" के लोग इसके मज़े लते हैं) उनसे यह पूछा जाए (हाँ, मुझसे भी यह प्रश्न पूछा जाना चाहिए) कि इस हालत का जिम्मेदार कौन है?
मेरे हिसाब से तो "भोजपुरी" जैसी मीठी और "दिल को छूने वाली" जबान कोई और नहीं (उर्दू इसके आस-पास आती है) । "पारिवारिक फिल्मों" के मामले में इस भाषा का कोई सानी नहीं। मैं आज एक पुरानी फिल्म "माई" देख रहा था। इस फिल्म के एक दृश्य में जब लड़की की शादी होती है तो "शारदा सिन्हा" ("पद्म-श्री" से सम्मानित भोजपुरी की प्रख्यात लोक-गायिका) ब्याह के गीत गाती हैं (हमारे यहाँ ऐसे गीतों से हीं शादी में रौनक आती है)। मैं झूठ नहीं बोल रहा - इस गीत को सुनकर और इस दृश्य का मनन करके मुझे पिछले नवंबर में हुई अपनी बहन की शादी याद आ गई और बरबस हीं आँखों से आँसू आ गए। ऐसा इससे पहले मेरे साथ कभी नहीं हुआ था। तो आप हीं कहिए कि जो फिल्म, जो दृश्य, जो भाषा आपके अंतस को छू जाए वो "अश्लील" या "मज़ाक का पात्र" कैसे हो सकती है? यह बस कुछ लोगों के मन का भ्रम है या फिर कुछ लोगों की अधूरी जानकारी , जिसने इस भाषा की "मधुरता" को अर्श से उठाकर "फर्श" पे डाल दिया है। यही बात मैं "बांग्ला भाषा" और "बांग्ला फिल्मों" के बारे में भी कहना चाहूँगा। न जाने क्यों ज्यादातर लोगों को "बांग्ला भाषा" की बुराई करने से क्या हासिल होता है। ये लोग "बांग्ला फिल्मों" का "क ख ग घ" भी नहीं जानते, लेकिन "फिल्मों" की दुर्गति करने में रैन-दिवस लगे रहते हैं। और यहाँ भी इस दुर्गति में सबसे बड़ा हाथ हमारे कुछ "बंगाली बंधुओं" का हीं हैं। मैंने कई सारी "बांग्ला" फिल्में देखी है (हाल-फिलहाल में "अंतहीन") और मुझे लगता है कि संबंधों को दर्शाने में "बांग्ला" फिल्मों के सामने दूसरी भाषा की फिल्में कहीं नहीं ठहरतीं।
कुल मिलाकर.... मैं बस यही कहना चाहता हूँ कि आप किसी भी भाषा या किसी भी भाषा की फिल्म को अपने "पूर्वाग्रह" या फिर "दुराग्रह" के कारण न नकारें। "नकारने" की इस मनोवृत्ति को आप चाहें जो भी कहें, लेकिन मैं इसे "दोहरी मानसिकता" हीं कहूँगा।
बाकी बातें... अगली मुलाकात में! तब तक के लिए खुदा हाफ़िज़!!

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें